
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा कानपुर महानगर दक्षिण जिला कार्यालय में शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी, जन-केंद्रित और कल्याणकारी बनाने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 साल के सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्रमुख संकल्प माना है। उनसे प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं।बैठक में अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। साथ ही, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।जिला पदाधिकारियों और सभी मंडल अध्यक्षों ने अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में कार्यकर्ताओं से सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।इस दौरान जिला पदाधिकारी और सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।