
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की मासिक जिला कार्यसमिति बैठक नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में भव्य रूप से संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विश्वास, विकास और जनकल्याण से परिपूर्ण ऐतिहासिक 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के नए युग के रूप में दर्ज हुए हैं। अपने प्रेरक संबोधन में श्री पाल ने 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चल रहे जनहितकारी अभियानों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पर्यावरण दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर इसे जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण की नई चेतना जगाई है और गत वर्ष 35 करोड़ पौधों का रोपण इस संकल्प की विशालता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसी भावना के साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जल, थल और नभ—तीनों स्तरों पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। श्री पाल ने कहा कि जब तक समाज स्वयं जागरूक होकर आगे नहीं आएगा, तब तक प्रकृति संरक्षण का लक्ष्य पूर्ण नहीं हो सकता। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की भी गहन समीक्षा की गई। विशेष रूप से 16 जून को मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित होने वाले प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा हुई।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन में लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर प्रबुद्धजन को संबोधित करेंगे। बैठक में सम्मेलन को सफल, प्रभावी और व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा अवधेश सोनकर, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, नवाब सिंह, सीमा एमबीए, सत्यम गुप्ता, रोहित साहू, धीरज बाल्मीकि, मंत्री सुरेंद्र गुप्ता, विनोद पाल, किरण तिवारी, मोनेन्द्र राजपूत, शालिनी कटियार, रीता पासवान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।