
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा लोकसभा से भाजपा सांसद और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह इन दिनों जिले के दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने मनकापुर स्थित आरपी इंटर कॉलेज में भाजपा के साइबर योद्धाओं और सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लोकसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।विदेश राज्यमंत्री ने जिले में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे। उन्होंने सोशल मीडिया टीम को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सकारात्मक तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि नकारात्मक बातों से दूर रहकर विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।बैठक के दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे स्वयं काउंटर से खाना लेते नजर आए। उनकी सादगी की कार्यकर्ताओं ने जमकर सराहना की।कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि उन्हें विदेशों में भारत और गोंडा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है, जो क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।