
Pardarshi Vikas News Hamirpur
सुजानपुर और बिझड़ी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक इंदरदत्त लखनपाल और भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजिंदर राणा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कई जनसमस्याओं को उठाया।
बिझड़ी में लखनपाल ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है और आर्थिक कुप्रबंधन के चलते प्रदेश की वित्तीय स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने पूर्व सरकार की योजनाओं को बंद करने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि ढटवाल क्षेत्र में पेयजल संकट, खराब सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति से लोग परेशान हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और विकास कार्यों में देरी भी प्रमुख मुद्दे हैं।
वहीं सुजानपुर में रैली को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि प्रदेश में सड़क, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है और जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा।
भाजपा नेताओं ने पेंशन योजनाओं में देरी और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को न भरने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।