
विकास के दावों के बीच कानपुर की जमीनी हकीकत, सड़क, पानी और अस्पताल बना मुद्दा
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती है। वहीं शहर के कई इलाकों में टूटी सड़कें, बंद नालियां, जलभराव, कूड़े के ढेर और 100 बेड अस्पताल शुरू न होने जैसी समस्याओं से परेशान लोग विकास के दावों पर सवाल उठा रहे हैं। आपको बता दें की भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को तीन दिवसीय प्रवास पर कानपुर पहुंचे। जाजमऊ पुल से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद वह भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के बर्रा स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने प्रकाश पाल के बड़े भाई स्वर्गीय श्रीराम पाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।दौरे के दौरान सांसद रमेश अवस्थी, देवेंद्र सिंह भोले, पूनम द्विवेदी, देवेंद्र देव गुप्ता, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, पूर्व विधायक केके सचान सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, पूर्व मंत्री बालचंद मिश्रा, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, अजय कपूर, दीपू पांडे, सुदेश अवस्थी और बब्बन शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार भेंट की।बैठक के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 365 दिन काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव हों या न हों, लगातार जनता के बीच रहकर संगठन और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।हालांकि प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बीच शहर के कई इलाकों में स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों की नाराजगी भी सामने आ रही है। नौबस्ता, मछरिया, बंबा, बर्रा, गोविंद नगर, कर्रही और साकेत नगर समेत कई क्षेत्रों में टूटी सड़कें, बंद नालियां और नाले, जलभराव, पेयजल संकट तथा कूड़े के ढेर लोगों के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि भाजपा कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता के बीच रहते हैं, तो इन बुनियादी समस्याओं का समाधान अब तक क्यों नहीं हो सका। लोगों ने विशेष रूप से बर्रा स्थित 100 बेड अस्पताल का मुद्दा उठाया। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल भवन तैयार होने के बावजूद अब तक पूरी तरह संचालित नहीं हो पाया है, जिससे हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता है।कई स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सड़क, सफाई, जलनिकासी, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान समय रहते नहीं किया गया, तो इसका असर आने वाले चुनावों में देखने को मिल सकता है। नागरिकों का कहना है कि विकास के दावों के साथ-साथ जमीनी समस्याओं का समाधान भी उतना ही जरूरी है।कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष कानपुर देहात के लिए रवाना हो गए। भाजपा संगठन के अनुसार उनका यह तीन दिवसीय प्रवास संगठनात्मक बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और समीक्षा बैठकों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मैं मानता हूं कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो चुनाव के समय ही नहीं बल्कि पूरे 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती है। हमारे कार्यकर्ता गांव, शहर और मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।-पंकज चौधरी