
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव में भंडारे के दौरान युवकों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस जांच के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को फंसाने के लिए झूठी तहरीर दी थी। मंगलवार देर शाम भंडारे के समापन के दौरान शराब के नशे में कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था। अगले दिन दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में मामला आपसी झगड़े का निकला।गुरुवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में बातचीत कराई, जिसके बाद दोनों समझौते पर राजी हो गए। सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि भविष्य में शराब पीकर विवाद, गाली-गलौज या मारपीट की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।