
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। हरित कुशीनगर के संकल्प को साकार करने के लिए नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान की ओर से चलाए जा रहे पौधा वितरण अभियान के तहत सोमवार को पडरौना विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नटवा, डुमरभार में पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी बच्चों और स्टाफ के साथ ही समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय सुग्गन मियां टोला के विद्यार्थियों को भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। बच्चों को पौधे घर पर लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर में रसायन शास्त्र की अवकाश प्राप्त शिक्षिका वी.डी. सिंह की पुत्री सीमा मल्ल के जन्मदिन के अवसर पर मिले सहयोग से किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। बच्चों को पौधे देकर नयी दिशा संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण को उनके जीवन और परिवार से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया है। यदि प्रत्येक बच्चा एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसका संरक्षण करे तो भविष्य में इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
संस्था के सचिव डॉ. हरिओम मिश्र ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पौधों की समुचित देखभाल नहीं हो पाने के कारण कई पौधे जीवित नहीं रह पाते। इसी उद्देश्य से बच्चों को घर पर लगाने के लिए पौधे दिए जा रहे हैं, ताकि वे स्वयं उनकी देखभाल करें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को पौधरोपण और पौधा वितरण से जोड़ना प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का बेहतर माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक चंद्रपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक संजय गुप्त, नोडल शिक्षक संकुल संजय सिंह, सरिता सिंह, अंजू सिंह, नील कमल, धर्मवीर सिंह, कुंजबिहारी सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।