
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पुलिस कमिश्नर आवास से करीब 100 मीटर दूर रविवार देर रात बीयर के लिए पैसे मांगने का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने कराटे चैंपियन अरविंद पासवान (45) को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। गंभीर हालत में उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।सिविल लाइंस स्थित एफएम कॉलोनी निवासी अरविंद पासवान रविवार देर रात पास के मैदान में क्रिकेट मैच खेलने गए थे। आरोप है कि ग्वालटोली अहिराना निवासी सैवी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मैच खेलने के बदले बीयर के लिए पैसे मांगने लगा। अरविंद द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ बाइक से लौटे। आरोप है कि सैवी ने तमंचा निकालकर अरविंद पर फायर कर दिया। गोली उनके पेट में लगी और वह कुछ दूर चलने के बाद सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को हैलट अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले भी आरोपी शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर अरविंद से विवाद कर चुके थे।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद हुई, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।-डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव