news-details

बिठूर सीएचसी के औचक निरीक्षण में तीन कर्मचारी अनुपस्थित, डीएम ने वेतन कटौती के दिए निर्देश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिठूर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सक समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।निरीक्षण के समय चिकित्सक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डॉ. राजेश कुमार और स्वास्थ्यकर्मी शिवम पाल गैरहाजिर मिले। डीएम ने ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों की संख्या और अस्पताल के अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने के निर्देश दिए।इस दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने समय पर वेतन न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर कर्मचारियों के वेतन का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान डीएम ने सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. हनी मल्होत्रा की विशेष सराहना की, जो वर्तमान में आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी जनसेवा में सक्रिय रहना अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।वहीं, बूढ़नपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर निरीक्षण के दौरान बंद मिला। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जवाब तलब करते हुए केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।