
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद के उपचुनाव के लिए 13 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव मैदान में अब तीन प्रत्याशी रह गए हैं। भाजपा ने राणा समरेन्द्र सिंह और कांग्रेस ने प्रदीप द्विवेदी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी से जुड़े आदर्श द्विवेदी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। सपा ने उन्हें आधिकारिक चुनाव चिह्न नहीं दिया है। यह सीट पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। वह लगातार पांच बार अध्यक्ष रहीं। उनके बेटे राणा समरेन्द्र सिंह भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। उनके छोटे बेटे अभिजीत सिंह सांगा बिठूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। डॉ. निर्मला सिंह के लंबे राजनीतिक कार्यकाल के कारण उपचुनाव को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी करीब 30 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं। वह वर्ष 2023 में हुए नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भी प्रत्याशी रहे थे। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी सपा की लोहिया वाहिनी में कानपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष और बिठूर नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच ध्रुवनगर से सभासद हैं। वह पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला के भतीजे हैं।उपचुनाव के लिए शुरुआत में सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हुई और 24 सितंबर तक चली। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा 28 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद मुकाबले में तीन प्रत्याशी रह गए।बिठूर नगर पंचायत में 10 वार्ड और करीब 10 हजार मतदाता हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। मतगणना 15 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
13 अक्टूबर को उपचुनाव का मतदान 15 अक्टूबर को होगी मतगणना
बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हुई थी। 24 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिसमें कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की गई। नाम वापसी की प्रक्रिया 28 सितंबर को हुई। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को बैलेट पेपर से नगर पंचायत बिठूर के चेयरमैन पद के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।