
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के अखलाकानगर में बंद मकान की खिड़की की जाली तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की लाइसेंसी बंदूक, लैपटॉप, टैबलेट, जेवर और मोबाइल समेत पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।पुलिस के मुताबिक, अखलाकानगर निवासी चांद बीबी 23 सितंबर की रात मकान में ताला लगाकर कानपुर नगर के मोती नगर स्थित रिश्तेदारी में गई थीं। 24 सितंबर की सुबह लौटने पर मकान के पीछे की खिड़की की जाली और दूसरी मंजिल के कमरे का दरवाजा टूटा मिला। अलमारी से जेवर, लैपटॉप, टैबलेट और लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक गायब थी। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 25 सितंबर को चंदन घाट से गुलफ्राम और अरबाज को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक नाली बंदूक, एचपी लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट, वैज्ञानिक कैलकुलेटर, तीन अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, चांदी के दो सिक्के और दो मोबाइल बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गुलफ्राम के खिलाफ कानपुर के चकेरी और महाराजपुर समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा किया। कार्रवाई करने वाली टीम में 15 पुलिसकर्मी शामिल रहे।