news-details

बारिश से बदला मौसम, किसानों को मिली राहत; आम की फसल को नुकसान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले कई दिनों से 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना तापमान अब घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम वेधशाला के अनुसार यह सामान्य से 5.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।शुक्रवार सुबह हुई 26.2 मिमी बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से जुताई कार्य तेज हो गया है और धान की नर्सरी तैयार करने में भी आसानी हो रही है। मौसमी सब्जियों, गन्ना, मक्का और उड़द की फसलों के लिए यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है।हालांकि तेज आंधी और बारिश से कुछ फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। आम के बागानों में बड़ी संख्या में फल समय से पहले गिर गए, जबकि कई जगह पेड़ों की डालियां टूटने से भी क्षति हुई है। कुछ क्षेत्रों में मक्का की फसल भी तेज हवाओं के कारण जमीन पर गिर गई।किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आई है। जिन किसानों की धान की नर्सरी पानी के अभाव में रुकी हुई थी, उन्होंने भी अब तैयारी शुरू कर दी है।मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा के अनुसार अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। साथ ही पूर्वी दिशा से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।