
Pardarshi Vikas News Lucknow
बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें जीएन शुक्ला ‘चच्चू’ को अध्यक्ष चुना गया है। वहीं जितेंद्र सिंह यादव उर्फ ‘जीतू’ ने महामंत्री पद पर जीत दर्ज की है। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनीष श्रीवास्तव विजयी रहे। अन्य पदों की मतगणना अभी जारी है। अध्यक्ष पद के मुकाबले में जीएन शुक्ला ने 1255 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेश पांडेय को पराजित किया। मतगणना के शुरुआती दौर से ही उन्होंने बढ़त बनाए रखी, जो अंत तक कायम रही। महामंत्री पद पर जीतू यादव ने 1094 वोट हासिल कर जीत दर्ज की और लगातार बढ़त बनाए रखी। चुनाव में कुल 3672 मतदाताओं में से 2722 अधिवक्ताओं ने मतदान किया था। मतदान कैसरबाग स्थित बार परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शुरुआत से ही अध्यक्ष और महामंत्री पद पर स्पष्ट रुझान सामने आने लगे थे। इस बार के चुनाव की विशेषता महिला आरक्षण रही, जिसके तहत कोषाध्यक्ष सहित सात पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए थे। कुल 22 पदों के लिए 116 उम्मीदवार मैदान में थे, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प बना रहा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष जीएन शुक्ला और महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव के समर्थकों में जीत के बाद उत्साह देखने को मिला। अधिवक्ता समुदाय ने शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया की सराहना की। अन्य पदों के परिणाम आने के बाद पूरी कार्यकारिणी का गठन पूरा होगा।