
पारदर्शी विकाश न्यूज़ कानपुर
जाजमऊ क्षेत्र में एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित पान मसाला फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये का तैयार और कच्चा माल बरामद किया गया। अधिकारियों ने फैक्ट्री और उससे जुड़े गोदाम को सील कर दिया है। सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में अवैध रूप से पान मसाला तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान करीब 9.20 लाख रुपये मूल्य का तैयार पान मसाला, 3.80 लाख रुपये की कटी सुपाड़ी, 56 हजार रुपये का कत्था और 2.96 लाख रुपये मूल्य का एसेंस बरामद किया गया। मौके से गुटखा निर्माण में उपयोग होने वाले फ्लेवर और परफ्यूम के ड्रम भी मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 16.52 लाख रुपये है। पूरे माल को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के बाद टीम ने हरबंस मोहाल स्थित एक गोदाम में भी छापेमारी की, हालांकि वहां कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर गोदाम को भी सील कर दिया गया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से कुनाल गुप्ता नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग अब फैक्ट्री के संचालन, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार बरामद पान मसाला और अन्य सामग्री के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी।