
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (RMLNLU) में बिना अनुमति देर रात डीजे और डांस पार्टी आयोजित करने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने 107 छात्रों पर कार्रवाई की है। सभी छात्रों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि, नोटिस पाने वाले 110 छात्रों में से तीन को जांच में राहत दे दी गई।यह मामला 19 मई की रात आयोजित पार्टी से जुड़ा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छात्रों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया था। आरोप था कि छात्रों ने बिना अनुमति देर रात तक कैंपस में पार्टी की थी। शुक्रवार को छात्रों से जवाब मांगा गया, जिसमें तीन छात्रों का पक्ष संतोषजनक पाए जाने पर उन्हें कार्रवाई से मुक्त कर दिया गया।इसी पार्टी के दौरान दो छात्राओं ने अलग-अलग मामलों में कुछ छात्रों पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। शिकायत विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को दी गई थी। सुनवाई के दौरान संबंधित छात्रों ने समिति के समक्ष माफी मांग ली, जिसके बाद दोनों छात्राओं ने अपनी शिकायतें स्वेच्छा से वापस ले लीं।विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. शशांक शेखर ने बताया कि जांच के बाद 107 छात्रों पर आरोप सही पाए गए हैं और उन्हें जुर्माने की राशि जमा करनी होगी। मामले की सुनवाई ICC की अध्यक्ष प्रो. वंदना सिंह समेत समिति के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में की गई।