
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बैंक ऑफ इंडिया के कानपुर आंचलिक कार्यालय में सोमवार को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्राहकों और बैंक स्टाफ को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।आंचलिक प्रबंधक अभय कुमार ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, आरबीआई या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर फोन और वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराते हैं और धनराशि ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी सरकारी या जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट कर पैसे जमा कराने के लिए नहीं कहती।उन्होंने ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, पिन, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी दी गई।उप आंचलिक प्रबंधक मदन सिंह नपलच्याल ने मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक से बचने और अनजान एप डाउनलोड न करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।