
तनिश सिंह
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार देर रात सड़क पर उतर आया। माखी फीडर से जुड़े कई गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी आवास के बाहर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने “माखी फीडर हाय-हाय” के नारे लगाते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग उठाई।ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। दिन के साथ रात में भी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती की समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई प्रभावी समाधान नहीं हुआ।प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर मनमानी करने और ग्रामीणों की शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुनी जा रही तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।देर रात ग्रामीणों के डीएम आवास पहुंचने से प्रशासन में भी हलचल मच गई। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन और बिजली व्यवस्था में सुधार पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।