
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ऑफिस जा रहे एक सेल्स मैनेजर की बाइक फिसलने से मौत हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मसवानपुर निवासी प्रशांत तिवारी बजाज फाइनेंस कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह अपने साथियों के साथ ऑफिस जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांडु नगर के पास बाइक मोड़ते समय अचानक एक स्कूटी सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और प्रशांत सड़क पर गिर पड़े।हादसे के दौरान उनका हेलमेट निकल गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई। पीछे आ रहे साथी कर्मचारी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हैलट में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची काकादेव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।