news-details

बिहार भेजी जा रही 432 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो सलेमपुर (देवरिया), 13 जून 2026। देवरिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 432 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी।पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में शुक्रवार-शनिवार की रात थाना सलेमपुर क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।जांच के दौरान थाना सलेमपुर के मुख्य द्वार के सामने संदिग्ध ट्रक संख्या यूपी-53 सीटी-6887 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ऑफिसर्स च्वाइस ब्रांड की 50 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 48-48 पाउच रखे गए थे। इस प्रकार कुल 2400 पाउच यानी 432 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुप चौहान पुत्र कोमल चौहान एवं अरुण पासवान पुत्र साधू मांझी, निवासी नोनिया टोला, पोस्ट हरनही, थाना बैकुंठपुर, जनपद गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे बिहार में अवैध शराब की आपूर्ति करने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है।