
PARDARSHI VIKASH NEWS इलाहाबाद हाईकोर्ट में शुक्रवार को यूपी के बाहुबलियों की क्राइम हिस्ट्री, गन लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम सुनवाई होगी। कोर्ट ने राज्य सरकार से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों और शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इससे पहले राज्य सरकार ने हलफनामा दाखिल कर बताया था कि 83 लोगों में से 42 की जानकारी कोर्ट में पेश कर दी गई है, जबकि बाकी 41 लोगों की रिपोर्ट जुटाई जा रही है।हाईकोर्ट ने राजा भैया, बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह समेत 50 से ज्यादा बाहुबलियों की क्राइम कुंडली और उनके गन लाइसेंस की जांच के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने गृह विभाग को फटकार लगाते हुए साफ कहा था कि अब मामले में अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।सरकार के हलफनामे में खुलासा हुआ कि प्रदेश में 10 लाख से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस जारी हैं और 6 हजार से अधिक ऐसे लोगों को भी लाइसेंस दिए गए हैं, जिन पर दो या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा 21 हजार परिवारों के पास एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं।कोर्ट ने कहा कि हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करता है। न्यायालय ने संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों और कमिश्नरों से लिखित जिम्मेदारी भी मांगी है कि रिपोर्ट में कोई जानकारी छिपाई नहीं गई है।