
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर दक्षिण के कर्रही स्थित बीएल स्मारक एजुकेशन सेंटर में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के द्वितीय चरण के अंतर्गत कन्या वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 26 से 30 नवंबर तक बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित होने वाले हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के कानपुर दक्षिण संयोजक सुशील कुमार के साथ पीयूष अग्निहोत्री और पीयूष मिश्रा विद्यालय पहुंचे। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज पाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में कन्या वंदन के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान और समाज में उनके महत्व का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों, सेवा भाव और नारी सम्मान की भावना को मजबूत करना है।कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।