news-details

अयोध्या से मुंबई के लिए 28 अप्रैल से चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, यात्रियों को बड़ी राहत

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

अयोध्या से मुंबई के बीच सीधी रेल सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस (22111/22112) का संचालन 28 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से धार्मिक नगरी अयोध्या और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच यात्रा पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।

सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता लंबे समय से इस ट्रेन के संचालन को लेकर प्रयासरत थे। उनके अनुरोध और लगातार प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इस नई सेवा को मंजूरी दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र भेजकर विधायक को इसकी औपचारिक जानकारी दी है।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से अयोध्या और मुंबई के बीच यात्रा समय में कमी आएगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या देश का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है, ऐसे में महानगरों से बेहतर कनेक्टिविटी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देशभर में रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। अयोध्या को लगातार आधुनिक परिवहन सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

भाजपा मीडिया प्रभारी के अनुसार, वाराणसी से दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित होगी, जिससे नियमित यात्रियों, श्रद्धालुओं और व्यापारिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। नई रेल सेवा को क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।