
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर।
अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर मंगलवार देर रात नगर कोतवाली और धम्मौर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश दी। गेट बंद होने पर पुलिसकर्मियों के दीवार फांदकर घर में प्रवेश करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार संजय यदुवंशी के खिलाफ नगर कोतवाली में जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है और वह वांछित चल रहे हैं। दबिश के दौरान संजय घर पर नहीं मिले। वायरल वीडियो में परिजन पुलिसकर्मियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि वीडियो बनाए जाने के दौरान एक दरोगा ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। वीडियो में पुलिसकर्मी दीवार पर चढ़कर घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं गेट के बाहर पुलिस और परिजनों के बीच बहस भी होती नजर आ रही है। नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र ने बताया कि नगर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के संबंध में दोनों थानों की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए गई थी।