
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर सोमवार को वी.एस.एस.डी. कॉलेज की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने मिलकर घाट परिसर की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अभियान का नेतृत्व कॉलेज की प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन और स्ववित्तपोषित विभाग की निदेशक डॉ. अंशु सिंह सेंगर ने किया। छात्रों ने अलग-अलग टीम बनाकर घाट की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, खाली बोतलें, पूजा सामग्री सहित अन्य कचरा एकत्र कर डस्टबिन में डाला। पूरे परिसर की साफ-सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में कचरा हटाया गया।इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन ने कहा कि गंगा और उसके घाट हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।अभियान के दौरान छात्रों ने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों को भी स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और डस्टबिन का उपयोग करें। कॉलेज की इस पहल का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।