
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र की अरमापुर नहर पट्टी पर निचली गंगा नहर विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर 60 से 70 अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार ने पुलिस पर मारपीट, पत्नी से अभद्रता और बिना नोटिस दुकान तोड़ने का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।दुकानदार का आरोप है कि विरोध करने पर पुलिस ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, जबकि कार्रवाई के दौरान उसकी दुकान भी ध्वस्त कर दी गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में पक्षपात के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया था, जिन्हें हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मारपीट की शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।