
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को चकेरी के मंगला विहार प्रथम क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान नियमों में अनियमितता मिलने पर एक अस्पताल की ओटी और एक डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमित रस्तोगी के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के कई निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विधि हॉस्पिटल की ऑपरेशन थिएटर मानकों के विपरीत संचालित पाई गई, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया। वहीं लाइफ स्पैन डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान उमराव हॉस्पिटल, चन्द्रिका हॉस्पिटल और गोपाल कृष्ण सर्जिकल एंड मैटरनिटी सेंटर का भी परीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार इन संस्थानों में चिकित्सकीय सेवाएं संचालित मिलीं।स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना मानकों के संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।