
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अमेठी की सियासत में हलचल तेज होने लगी है। भाजपा नेता शाम्भवी सिंह ने अमेठी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि अब वह और इंतजार नहीं करेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगी और अमेठी को किसी का चारागाह नहीं बनने देंगी।शाम्भवी सिंह ने कहा कि अमेठी की धरती से उनका खून का रिश्ता है और क्षेत्र का विकास उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता और यहां के विकास से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। इसी कारण उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।इस अवसर पर भाजपा नेता अनंत विक्रम सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा नारी शक्ति को आगे बढ़ाने और महिलाओं को राजनीति में भागीदारी के अवसर देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी हाईकमान ने शाम्भवी सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का मन बना लिया है।हालांकि, भाजपा की ओर से शाम्भवी सिंह की उम्मीदवारी को लेकर आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनकी चुनावी दावेदारी और पार्टी नेतृत्व के अगले फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हैं।