
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला मजिस्ट्रेट शशांक चौधरी ने गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई क्षेत्र में भय और आतंक की स्थिति को देखते हुए की गई है।जिला बदर किए गए अभियुक्तों में जुनैद पुत्र अख्तर अली, निवासी नयापुरवा मजरे खैरातपुर, थाना जगदीशपुर तथा अमरेंद्र सिंह उर्फ अमन सिंह पुत्र अंबिका सिंह, निवासी बाजगढ़ मजरे सूखीबाजगढ़, थाना जामों शामिल हैं। दोनों को छह माह तक जनपद की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस अधिकारियों को असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोकशांति और सुरक्षा भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा है।