
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1632 बूथों पर 18 और 25 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इनका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने की अपील की। बीएलए संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करें।जिलाधिकारी ने नागरिकों से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। यदि किसी का नाम सूची में दर्ज नहीं है या किसी कारणवश हट गया है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण के लिए आवेदन करें। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।