
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम पूरे जहां, राजा फतेहपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान फफूंदी लगी मिठाइयां, मिल्क छेना सहित अन्य खाद्य पदार्थ पाए गए। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर करीब 150 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट करा दीं। नष्ट की गई मिठाइयों में मिल्क केक, पेड़ा और छेना बर्फी शामिल थीं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है।निरीक्षण के दौरान निर्माण इकाई में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर खाद्य विक्रेता रंजीत, पुत्र ज्वाला प्रसाद को स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने के लिए सुधार सूचना जारी की गई। विभाग ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।खाद्य विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार शुक्ला मौजूद रहे।