
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अमेठी जिले के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर चर्चा की गई।बैठक में अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल समेत करीब 25 पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान स्मृति ईरानी ने जिले में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज का फीडबैक लिया और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि अमेठी जिले से आए भाजपा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।गौरतलब है कि भाजपा ने 17 अगस्त को स्मृति ईरानी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। नई संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने के बाद अमेठी के पार्टी नेताओं के साथ उनकी यह बैठक स्थानीय संगठन और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।