
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर औरैया के सपा नेताओं ने लखनऊ पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।इस दौरान औरैया विधानसभा के प्रमुख दावेदार राजेंद्र कुमार दोहरे, निवर्तमान जिला सचिव बड़े सिंह गौर, निवर्तमान जिला महासचिव ओमप्रकाश ओझा तथा निवर्तमान नगर अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता मौजूद रहे। नेताओं ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।मुलाकात के दौरान जिले के संगठनात्मक ढांचे, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया।राजेंद्र कुमार दोहरे ने अखिलेश यादव को औरैया की राजनीतिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। अन्य नेताओं ने भी जिले में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने पर अपने विचार रखे।राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह मुलाकात आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, हालांकि पार्टी की ओर से अभी प्रत्याशियों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।