
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा में शामिल हो चुकीं पूर्व सपा विधायक पूजा पाल को लेकर बड़ा बयान दिया। प्रेसवार्ता के दौरान जब उनसे पूछा गया कि पूजा पाल के भाजपा में जाने से क्या पाल समाज का वोट बैंक प्रभावित होगा, तो उन्होंने कहा कि पार्टी को उनकी जरूरत नहीं है। अखिलेश ने मंच पर मौजूद सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर इशारा करते हुए कहा कि पाल समाज का सबसे बड़ा नेतृत्व आज उनके साथ है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि समाजवादी पार्टी किसी एक चेहरे की मोहताज नहीं है और संगठन के दम पर आगे बढ़ेगी। राजनीतिक जानकार इसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा की नई रणनीति के रूप में देख रहे हैं। वहीं अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।