news-details

अखिलेश के भाई प्रतीक यादव का निधन

You can share this post!

pardarshi vikas news lucknow
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक जब प्रतीिक को इमरजेंसी में लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हार्ट भी काम नहीं कर रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए KGMU भेजा गया।सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान कुछ सुधार होने पर वे अस्पताल से घर लौट आए थे। डॉक्टरों के अनुसार पल्मोनरी एम्बोलिज्म ऐसी स्थिति होती है जिसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है और ब्लड सर्कुलेशन बाधित हो जाता है।पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव घर के किचन में बेहोशी की हालत में मिले थे। उनका मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को उनके आवास ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और परिचित पहुंचे।भाई के निधन की खबर मिलते ही अखिलेश यादव KGMU पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण है।

 

अखिलेश ने कहा, “मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है। वह जीवन में आगे बढ़ना चाहते थे। कानून और परिवार जो तय करेगा, उसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया होगी।”प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। राजनीति से दूर रहते हुए उन्होंने फिटनेस और रियल एस्टेट के क्षेत्र में काम किया। लखनऊ में उनका “द फिटनेस प्लैनेट” नाम से जिम भी था। उन्हें लग्जरी कारों और फिटनेस का खास शौक था।प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव फिलहाल असम दौरे पर थीं। घटना की जानकारी मिलते ही वह लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। प्रतीक और अपर्णा ने वर्ष 2011 में प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो बेटियां हैं। इसी साल जनवरी में दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी।प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। सैफई में भी शोक का माहौल है और परिवार के लोग लखनऊ पहुंच रहे हैं।