
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ठगी और लूट की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां शातिरों ने खुद को सीबीआई अफसर बताकर एक सर्राफ और उसके कर्मचारी से करीब 13 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए।जानकारी के अनुसार, पनकी सी ब्लॉक निवासी अवनीश मिश्रा की पनकी पावर हाउस के पास ज्वेलरी दुकान है। वह गुरुवार शाम अपने कर्मचारी आशीष मिश्रा के साथ रिपेयरिंग के लिए रखे जेवर लेकर फूलबाग की ओर जा रहे थे। तभी बिरहाना रोड के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और खुद को सीबीआई अफसर बताते हुए कहा कि सूचना है कि बैग में बम हो सकता है।इसके बाद आरोपियों ने जबरन बैग की तलाशी के नाम पर सर्राफ का बैग छीन लिया। विरोध करने पर कर्मचारी को थप्पड़ मारकर धमकाया गया। इस दौरान शातिरों ने बैग में रखा सोने का हार, कंगन, नथुनी समेत करीब 13 लाख रुपये के जेवर निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने घटना की जानकारी फीलखाना थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।