
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रीज एरिया द्वितीय में रविवार सुबह अगरबत्ती फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। शुभ संकल्प इंटरप्राइजेज नाम की फैक्ट्री में लगी आग ज्वलनशील बुरादे के कारण तेजी से फैल गई और देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, जबकि आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए नरवल से भी एक फायर टेंडर बुलाया गया। तीन दमकल वाहनों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।फायर अधिकारियों के अनुसार अगरबत्ती निर्माण में इस्तेमाल होने वाला बुरादा बेहद ज्वलनशील था, जिसके चलते आग तेजी से बढ़ी। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक नहीं पहुंच सकी और बड़ा हादसा टल गया।हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार नुकसान का आकलन किया जा रहा है।फायर विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि सुरक्षा मानकों में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।