news-details

अछनेरा में बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के अछनेरा क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना अछनेरा की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने ग्राम सांधन के पंचायत भवन में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में बालिकाओं, युवतियों, महिलाओं और बुजुर्गों को महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।सम्मेलन में मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक रोशनी यादव, उपनिरीक्षक पवन कुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति तंवर, महिला आरक्षी सरिता और नीलम मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मातृत्व वंदना योजना, वृद्धावस्था एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसमें 1090 महिला पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 व 102 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल रहे।कार्यक्रम में महिला हेल्प डेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला साइबर सेल की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।इस मौके पर ग्राम प्रधान जोगेंद्र सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपनी समस्याओं को लेकर बिना झिझक पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं का सहारा लेने की अपील की