
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम और परिवहन विभाग ने झकरकटी बस अड्डे पर विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में आने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए बस अड्डा परिसर में कूल शेल्टर तैयार किया जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार कूल शेल्टर के आसपास घास बिछाई जाएगी, जिस पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा। इससे आसपास का वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा और अभ्यर्थियों को गर्मी से राहत मिलेगी। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बस स्टेशन पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा।तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने बस अड्डा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब पड़ी लाइटों को ठीक कराया गया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि प्रयागराज, झांसी, फतेहपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, हरदोई, लखनऊ सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के कानपुर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बस अड्डे पर अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने बताया कि परिसर में दो वाटर कूलर भी संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम के सहयोग से पूछताछ केंद्र के सामने कूल शेल्टर स्थापित किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को धूप और भीषण गर्मी से राहत मिल सके तथा उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।