news-details

अभ्यर्थियों को चारबाग रैन बसेरे में नहीं मिला पानी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं। अगले तीन दिनों में एक लाख से अधिक युवक-युवतियों के राजधानी पहुंचने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने चारबाग रेलवे स्टेशन परिसर के पास अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की है, जहां ठहरने, पेयजल और गर्मी से राहत के लिए कूलर लगाए गए हैं।हालांकि, मौके पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रैन बसेरे में ठहरे कई अभ्यर्थियों ने बताया कि पानी के टैंकर दोपहर में ही खाली हो गए थे, जिसके बाद उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। कई अभ्यर्थी खाली बोतल लेकर पानी की तलाश करते नजर आए।इसके अलावा भीषण गर्मी के बीच राहत देने के लिए लगाए गए कूलर भी बंद मिले। कूलरों के स्थान पर केवल फर्राटा पंखे चल रहे थे, जिससे उमस और गर्मी से परेशान अभ्यर्थियों को पर्याप्त राहत नहीं मिल सकी।दूर-दराज जिलों और अन्य राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने प्रशासन से पेयजल और शीतलन व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा के लिए लंबी यात्रा कर आने के बाद ऐसी परिस्थितियों में ठहरना मुश्किल हो रहा है।पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियों के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन चारबाग स्थित अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्थाओं ने उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि जल्द ही पानी और कूलर की व्यवस्था सुचारु की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।