
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। राजर्षि रणंजय सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरआरएसआईएमटी) में सोमवार से इंजीनियरिंग छात्रों के लिए 15 दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इंफोसिस फाउंडेशन और आईसीटी अकैडमी के सहयोग से सीएसआर पहल के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण 7 से 23 सितंबर तक चलेगा। 100 घंटे का यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है।कार्यक्रम में बीटेक अंतिम वर्ष के कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल्स विभाग के 65 छात्रों का चयन प्री-असेसमेंट के आधार पर किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों का विभिन्न स्तरों पर आकलन होगा और सफल छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान आईसीटी अकैडमी के प्रतिनिधि नीरज मोहन तिवारी ने संस्थान को इंफोसिस फाउंडेशन के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में मान्यता का प्रमाणपत्र प्रदान किया। संस्थान के निदेशक डॉ. शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रशिक्षण उद्योग और शिक्षा के बीच सहयोग को मजबूत करेगा तथा छात्रों को रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करेगा।इस अवसर पर प्रशांत कुमार मिश्रा, अजय मिश्रा, डॉ. चंदा रानी, मनीष कुमार समेत चयनित विद्यार्थी मौजूद रहे।