
पारदर्शी विकास वाराणसी । रीवा में आर्यिकाओं के साथ हुई अमानवीय एवं हृदय विदारक घटना के विरोध में आज दिगंबर जैन समाज काशी द्वारा राष्ट्रीय संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण मौन रैली निकाली गई। यह रैली राष्ट्रीय संत परम पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के आव्हान पर “साधु-संत सुरक्षा अभियान” के अंतर्गत आयोजित की गई। प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुई यह मौन रैली पूर्णत: अनुशासित एवं कानून के दायरे में संपन्न हुई। समाजजनों ने प्रधानमंत्री कार्यालय तथा भेलूपुर थाना अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर संत सुरक्षा हेतु ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि त्याग, तपस्या एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले साधु-संतों की सुरक्षा आज गंभीर प्रश्न बन चुकी है। रीवा की घटना ने संपूर्ण जैन समाज को झकझोर कर रख दिया है। समाज ने शासन एवं प्रशासन से तत्काल प्रभाव से “राष्ट्रीय संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने की मांग की।