
गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद किशोर का खौफनाक कदम
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।प्रेमिका से अनबन के बाद 17 वर्षीय किशोर ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। किशोर दादा नगर स्थित फैक्ट्री में काम करता था और रविवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह दुकान जा रहा है, लेकिन देर रात उसका शव गुजैनी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला।परिजनों के अनुसार, मृतक सौरभ गुप्ता मेहरबान सिंह का पुरवा का रहने वाला था और पिछले करीब 10 दिनों से प्रेम प्रसंग में चल रही अनबन के कारण मानसिक रूप से परेशान था। रविवार शाम करीब 6 बजे वह घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।घटना से पहले किशोर ने रात 10:25 बजे मोबाइल पर एक स्टेट्स लगाया था, जिसमें टूटे दिल की इमोजी के साथ “इन्जॉय योर लाइफ” लिखा हुआ था। इससे पहले भी उसने भावनात्मक स्टेट्स लगाए थे, जिनमें प्रेम और दर्द की बात कही गई थी।इसके बाद किशोर ने गुजैनी क्षेत्र के ब्लॉक के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। देर रात पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।