
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर खेल मैदान में बुधवार को आईटीआई के प्रशिक्षार्थियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खेल स्टेडियम, कुशीनगर में बुधवार को जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के महिला एवं पुरुष प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रशिक्षण निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित इस प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकशी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं हुईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जनपद स्तर पर चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कुशीनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे आयोजन प्रशिक्षार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पडरौना के प्रधानाचार्य आलोक कुमार मौर्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कसया के प्रधानाचार्य एपी राय, अनुदेशक वीएन गुप्ता, मुकुल कुमार सहित जिले के विभिन्न आईटीआई संस्थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।