
पारदर्शी विकास न्यूज़, उन्नाव। सरकारी जनसुनवाई व्यवस्था के तहत संचालित आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। सफीपुर तहसील के लखनपुर गांव निवासी एक परिवार ने स्थानीय लेखपाल और कानूनगो पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए शिकायत का निस्तारण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी गैरमौजूदगी में हस्ताक्षर कर आख्या तैयार की गई और शासन को भेज दी गई।पीड़िता अनीता अवस्थी के मुताबिक, परिवार ने अपनी समस्या को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि संबंधित लेखपाल और कानूनगो ने परिवार का पक्ष सुने बिना ही शिकायत निस्तारित दिखा दी। पीड़िता का दावा है कि रिपोर्ट में उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।परिवार ने इस मामले में जिले के अधिकारियों से भी शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।