news-details

आगरा में निवेश के नाम पर 2.26 करोड़ की ठगी, फर्जी कंपनी बनाकर 7 लोगों को लगाया चूना

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। शहर में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 7 लोगों से कुल 2 करोड़ 26 लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने “SBNL वर्ल्ड” नाम की फर्जी निवेश कंपनी बनाकर लोगों को बड़े मुनाफे का लालच दिया और योजनाबद्ध तरीके से रकम हड़प ली।थाना ताजगंज में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, गैंग के सदस्यों ने पहले पीड़ितों को भरोसे में लिया और कमला नगर स्थित घर पर बुलाकर निवेश योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्हें 15, 19 और 30 महीने में रकम दोगुनी करने का वादा किया गया।शुरुआत में कुछ भुगतान कर विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने लोगों से लगातार निवेश करवाया। इसके बाद सुरक्षा के नाम पर हस्ताक्षर किए हुए चेक भी दिए गए, जिन्हें बाद में वापस करने की बात कही गई। पीड़ित जनवरी 2023 से नवंबर 2025 तक बैंक ट्रांजैक्शन और नकद के जरिए पैसा देते रहे।आरोप है कि बाद में पैसे मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और फर्जी शपथपत्र व एग्रीमेंट देकर समय मांगते रहे। यहां तक कि एक मृत अधिवक्ता के नाम से नोटरी किया गया फर्जी दस्तावेज भी सामने आया, जिससे पूरा मामला और संदिग्ध हो गया।जब पीड़ितों ने दस्तावेजों की जांच कराई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद 7 पीड़ितों ने 6 आरोपियों के खिलाफ ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।कुल ठगी की गई राशि: 2,26,75,000 रुपये