news-details

आगरा में करोड़ों की फिजीशियन सैंपल दवाएं बरामद

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के फव्वारा स्थित झूलेलाल बाजार में औषधि विभाग की लखनऊ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की फिजीशियन सैंपल दवाएं बरामद की हैं। शुक्रवार को टीम ने तीसरी मंजिल पर बने गोदाम का ताला तुड़वाकर जांच की, जहां भारी मात्रा में ‘नॉट फॉर सेल’ लिखी दवाएं मिलीं। कार्रवाई के दौरान 25 ड्रग इंस्पेक्टरों ने दवाओं की जांच कर उनका रिकॉर्ड तैयार किया।मुख्यालय की विशेष टीम ने एक दिन पहले 15 मेडिकल फर्मों पर छापेमारी की थी। इस दौरान नकली और सरकारी दवाएं जब्त की गई थीं तथा तीन फर्मों को सीज किया गया था। जांच के दौरान झूलेलाल बाजार की एक फर्म का नाम सामने आने पर टीम वहां पहुंची, लेकिन छापे की सूचना मिलते ही फर्म संचालक गोदाम और दुकान पर ताला लगाकर फरार हो गया।शुक्रवार को टीम दोबारा बाजार पहुंची और संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। अंदर दवाओं से भरे कार्टन मिले, जिन पर ‘फिजीशियन सैंपल-नॉट फॉर सेल’ लिखा हुआ था।अधिकारियों के मुताबिक बरामद दवाओं में एंटीबायोटिक, थायरायड, मधुमेह, पेट रोग, जुकाम-खांसी, दस्त और बच्चों के सिरप समेत कई नामी कंपनियों की दवाएं शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन दवाओं पर लिखे ‘नॉट फॉर सेल’ को रसायनों से मिटाकर बाजार में बेचा जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के जरिए कई राज्यों में दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।औषधि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सैंपल दवाओं की बिक्री कानूनन अपराध है। टीम बैच नंबर, कंपनी और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर रही है। मामले की जानकारी शासन और मुख्यालय को भेज दी गई है तथा संबंधित दवा कंपनियों को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।दो दिनों से जारी कार्रवाई के चलते फव्वारा दवा बाजार में दहशत का माहौल है और छापों के डर से अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे। जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशु शर्मा ने मामले में औषधि विभाग और दवा माफियाओं की मिलीभगत की जांच की मांग की है। वहीं आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि जांच के दौरान वैध कारोबारियों को भरोसे में लिया जाना चाहिए, ताकि उनका व्यापार प्रभावित न हो।