
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस उसकी पहचान और मौत के कारणों की जांच कर रही है।जानकारी के मुताबिक, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 290 स्थित टोल प्लाजा के पास निर्माणाधीन चार्जिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की।कर्मचारियों ने बताया कि सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवक को बस से उतारा था। उसे चार्जिंग पॉइंट के पास बैठाकर वह चला गया। युवक ने कर्मचारियों से कहा था कि उसके चाचा उसे लेने आने वाले हैं। कुछ देर बाद कर्मचारी विश्राम स्थल चले गए।सुबह करीब आठ बजे जब कर्मचारी दोबारा पहुंचे तो युवक अचेत मिला। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। वह सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए था। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही मौत की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।