
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। श्रीनगर थाना क्षेत्र में कुएं से मिले वृद्ध के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि अंधविश्वास और भ्रम के चलते युवक ने झाड़-फूंक करने वाले वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में गठित एसओजी, सर्विलांस और थाना श्रीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को आरोपी लखन साहू (35) निवासी भैरोगंज को बिलरही तिराहे से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार 26 मई को कस्बा श्रीनगर स्थित एक कुएं से रामप्रसाद प्रजापति (60) का शव बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके भाई की डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। मृतक रामप्रसाद झाड़-फूंक का कार्य करता था, इसलिए वह अपने भाई की मौत और जीवन की अन्य परेशानियों के लिए रामप्रसाद को जिम्मेदार मानने लगा था। अंधविश्वास के कारण उसे भ्रम हो गया कि यदि वह रामप्रसाद को नहीं मारेगा तो स्वयं उसकी मौत हो जाएगी। इसी सोच के चलते उसने बाजार से बांका खरीदकर वृद्ध की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त पुलिस टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।