news-details

अंबेडकर जयंती पर लखनऊ में राजनीतिक दलों ने दी श्रद्धांजलि

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। हजरतगंज स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर सुबह से ही कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लाल टोपी और नीले गमछे में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता लाल और नीले झंडे लेकर मौजूद रहे। वहीं, स्कूली बच्चे बैंड-बाजे के साथ पहुंचे और “जय भीम, जय भारत” के नारे लगाते हुए संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि दी।

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने अपने आवास पर बाबा साहब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि आंबेडकर बहुजन समाज के सच्चे मसीहा थे और उनका जीवन शोषितों, वंचितों तथा महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संविधान को पूरी तरह लागू करने में सत्ताधारी दल विफल रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी हजरतगंज पहुंचकर प्रतिमा पर फूल चढ़ाए और कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके अलावा शहर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे, भीम यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोमतीनगर स्थित अंबेडकर पार्क में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जबकि सूचना विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाबा साहब के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।