news-details

90% अनुदान पर मिलेंगी बकरी पालन इकाइयां

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। जनपद के ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पशुपालन विभाग ने बड़ी पहल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित बकरी पालन योजना के तहत कुशीनगर जनपद में 10 बकरी पालन इकाइयों की स्थापना की जाएगी। योजना में राज्य सरकार द्वारा 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जबकि लाभार्थी को केवल 10 प्रतिशत अंशदान देना होगा।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य सीमांत कृषकों, भूमिहीन मजदूरों, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं तथा बेरोजगार परिवारों की आय बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही बकरी पालन के माध्यम से पोषण स्तर सुधारने और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया है।योजना के तहत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को 1 नर एवं 5 मादा बकरियों की इकाई उपलब्ध कराई जाएगी। प्रति इकाई कुल लागत 60 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 54 हजार रुपये सरकार अनुदान के रूप में देगी, जबकि लाभार्थी को केवल 6 हजार रुपये वहन करने होंगे। योजना में बकरियों के बीमा, चिकित्सा एवं परिवहन की सुविधा भी शामिल रहेगी।अधिकारियों के अनुसार 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी वर्गों के इच्छुक व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। चयन में भूमिहीन महिला-पुरुष, विधवा, निराश्रित महिला, दिव्यांगजन एवं बेरोजगार परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं इटावा स्थित भेड़ एवं बकरी पालन प्रशिक्षण केन्द्र अथवा मथुरा के केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को विशेष वरीयता मिलेगी।पशुपालन विभाग ने इच्छुक पशुपालकों से 28 मई 2026 तक आवेदन करने की अपील की है। आवेदन विकास खंड स्तरीय समिति के माध्यम से कार्यालय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, विकास भवन, कुशीनगर में जमा किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया जनपद स्तरीय समिति द्वारा नियमानुसार पूरी की जाएगी।